मिलावट पर सख्ती, अजमेर की फैक्टरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
अजमेर| जिले में शुद्ध आहार मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सॉस फैक्टरी से 7600 किलोग्राम सॉस जब्त किया है। यह कार्रवाई आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है। अजमेर जिले में यह अभियान डॉ. टी. शुभमंगला, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, जयपुर के आदेशों तथा डॉ. ज्योत्सना रंगा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजमेर के निर्देशों की अनुपालना में चलाया जा रहा है।इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी केसरी नंदन शर्मा और राजेश कुमार त्रिपाठी ने पालरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स डी.के.एस. फूड्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्नेक सॉस (एपिक ब्रांड) के संबंध में कार्रवाई की गई, जिसे पूर्व में जयपुर मुख्यालय द्वारा अनसेफ घोषित किया जा चुका है। मौके पर उक्त ब्रांड के दो नमूने लिए गए, जबकि शेष 7600 किलोग्राम सॉस को जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री से रोक दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि इससे पहले जयपुर में इसी ब्रांड की सॉस का एक नमूना जांच में अनसेफ पाया गया था, जिसके बाद संबंधित बैच को बाजार से रिकॉल करने के निर्देश जारी किए गए थे।फैक्टरी निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां भी सामने आईं। मौके पर फूड हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। निर्माता को निर्देशित किया गया है कि संबंधित बैच की समस्त सामग्री को थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं से तत्काल प्रभाव से वापस मंगवाया जाए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो टूक कहा है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी और अनसेफ खाद्य सामग्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि लोगों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है। विभाग द्वारा जिलेभर में निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। यह कार्रवाई उन व्यापारियों के लिए स्पष्ट चेतावनी है, जो मुनाफे के लिए जनता की सेहत को दांव पर लगा रहे हैं। प्रशासन का साफ संदेश है कि सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
