नवाचार, रोबोटिक्स, एआई और स्टार्टअप पर विशेष सत्र आयोजित
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली के सालाना तकनीकी महोत्सव ट्रिस्ट (TRYST) का आगाज होने जा रहा है। 27 फरवरी से शुरू होकर एक मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में देश-दुनिया के नामचीन दिग्गज जुटेंगे। नवाचार, रचनात्मकता और इंजीनियरिंग एक्सीलेंस पर आधारित यह महोत्सव बड़ी संख्या में छात्रों, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत की हस्तियों का साझा मंच बनेगा।आयोजकों का कहना है कि छात्रों की तरफ से आयोजित होने वाला अपनी तरह का बड़ा तकनीकी महोत्सव है। हर साल इसमें तकनीक, शोध और नवाचार के क्षेत्र में काम करने वाले दिग्गज साथ होते हैं। वहीं, करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसमें 35,000 से अधिक बाहरी मेहमान और 20,000 सक्रिय प्रतिभागी शामिल होंगे। 20 से अधिक देशों के 200 से ज्यादा वक्ताओं ने विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे। 40 से अधिक तकनीकी कार्यशालाओं और 12 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार वितरण होंगे।
ट्रिस्ट 26 में खास
इस बार कई प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों के साथ विशेष सहयोग रहेगा। इसमें इसरो व डीआरडीओ की अत्याधुनिक तकनीकों की प्रदर्शनी होगी। इसके साथ फार्मूला वन कारों का लाइव शोकेस भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। एडोब का दो दिवसीय डिजिइनाथॉन होगा। वहीं, आरबीआई अपनी तरफ से एआई/ एम एल आधारित राष्टीय फ्रॉड प्रिवेंशन हैकाथॉन आयोजित करेगा।
फेस्ट में यह मेहमान होंगे
आईपीएस अमित लोढ़ा, वायु सेना के ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप, रमण शोध संस्थान के निदेशक तरुण सौरदीप और वैज्ञानिक नंदिनी हरिनाथ समेत दूसरी तमाम हस्तियां मौजूद रहेंगी।
देशभर में व्यापक पहुंच
ट्रिस्ट की डिजिटल पहुंच भी उल्लेखनीय है। इसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों फॉलोअर्स हैं और 300 से अधिक शहरों में 1,300 से ज्यादा स्टूडेंट एंबेसडर जुड़े हुए हैं। 700 से अधिक कॉलेजों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ है।
