मंदिर के बाहर संदिग्ध अवशेष मिलने पर बवाल, पुलिस अलर्ट
भीलवाड़ा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब एक प्रसिद्ध मंदिर के बाहर मृत पशु के अवशेष फेंके जाने की शर्मनाक घटना सामने आई। जैसे ही इस बात की खबर फैली, विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंदिर के बाहर ही धरने पर बैठ गई।
भारी पुलिस बल तैनात, समझाइश की कोशिशें जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ सिटी सज्जन सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान चौधरी भारी पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। माहौल को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, हिंदू संगठनों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन उग्र रूप अख्तियार कर लेगा।
त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप
बजरंग दल के महानगर संयोजक मुकेश प्रजापत ने प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए कहा कि भीलवाड़ा में लगातार बहुसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर त्योहारों के मौके पर असामाजिक तत्व शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रचते हैं, जिसे अब सर्व हिंदू समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
पुरानी घटनाओं का दिया हवाला, कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने शहर में पहले हुई ऐसी ही घटनाओं पर रोष जताते हुए कहा कि दो साल पहले भी बालाजी मंदिर के पास गाय की पूंछ काटकर फेंकने की वारदात हुई थी। इसके अलावा हाल ही में गोवंश के साथ क्रूरता और देवस्थान की मूर्तियों को खंडित करने के मामले भी सामने आ चुके हैं। हिंदू संगठनों के अनुसार, इस बार शास्त्री नगर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पास बने हनुमान मंदिर के बाहर जानबूझकर एक गाड़ी रोककर मृत बकरे की खाल और अवशेष फेंके गए हैं।
दोषियों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा धरना
स्थानीय नागरिकों और प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक पुलिस इस पूरी घटना का पर्दाफाश करके मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजती, तब तक सड़क जाम नहीं खोला जाएगा और उनका अनिश्चितकालीन धरना इसी तरह जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर मामले की जांच में जुटी है।
