स्वच्छता का संदेश: अल्बर्ट हॉल संग्रहालय से मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत की
जयपुर। के अल्बर्ट हॉल संग्रहालय में शनिवार को प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाईकर्मी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा किट (पीपीई किट) वितरित कर उनके कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब समाज के सभी वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे गए। यह योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को स्वच्छता के लिए नागरिक कर्तव्य की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प ले, तो प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने राम निवास बाग में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान सांसद मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से 14 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न जनकल्याणकारी, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
